ऑपरेशन बाज के तहत पथरिया में गांजा बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार, 7.830 किलो गांजा बरामद

मुंगेली, 10 मई 2025।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज अभियान के तहत एक बड़ी सफलता पथरिया थाना पुलिस को हाथ लगी है। अवैध रूप से गांजा बिक्री कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पथरिया थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 06, आवास पारा निवासी आनंद किशोर उर्फ गुड्डा यादव (उम्र 47 वर्ष) पिता रंगीलाल यादव को गांजा बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी के घर में बने बाथरूम से 7.830 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹70,470 है, बरामद किया गया है। साथ ही एक आई-टेल मोबाइल फोन (कीमत ₹5,000) भी जब्त किया गया है। कुल जब्ती का मूल्य ₹75,470 आँका गया है।

इस कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आनंद किशोर अपने घर के आंगन में बने बाथरूम में गांजा छिपाकर बिक्री की तैयारी कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापा मारा और आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

आनंद किशोर यादव के खिलाफ थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 96/2025, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक रघुवीर लाल चंद्रा, साइबर सेल मुंगेली के सउनि. पुहकल सिंह ठाकुर, सउनि. नरेश साहू, आरक्षक राजीव पटेल (354), विनोद बंजारे (240) और जितेन्द्र सिंह ठाकुर (122) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मुंगेली पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे इस अभियान से नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *