रायपुर, 9 मई 2025: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महासमुंद जिले के जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से आत्मीय बातचीत की।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री साय ने भर्ती मरीजों से हालचाल पूछा और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। 60 वर्षीय मरीज गंगाराम ने बताया कि कमजोरी के कारण अस्पताल में भर्ती हुए थे, लेकिन चार दिन के इलाज के बाद अब स्वस्थ महसूस कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने डायलिसिस वार्ड का भी निरीक्षण किया और किडनी पीड़ित मरीजों से मुलाकात की। किडनी ट्रांसप्लांट की आवश्यकता वाले मरीज अतुल चंद्राकर से बातचीत के दौरान उन्होंने डोनर की व्यवस्था होने पर ट्रांसप्लांट का पूरा खर्च वहन करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री साय ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि सभी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।