दुर्ग में मासूम से दुराचार व हत्या के विरोध में मुंगेली में मुख्यमंत्री का पुतला दहन, बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हल्ला बोल

मुंगेली। दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना अंतर्गत ओम नगर में 6 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुराचार और नृशंस हत्या की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस अमानवीय कृत्य के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर मुंगेली में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने किया। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराध और महिलाओं-मासूम बच्चियों की असुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “सरकार यदि महिलाओं को सुरक्षा नहीं दे सकती, तो उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।” उन्होंने निष्क्रिय गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए पीड़िता के परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने और महिला सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
वर्मा ने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार और मासूम बच्चियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार और प्रशासन इन घटनाओं को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
सदन में भी उठा मामला
विधानसभा के बजट सत्र के दौरान खरसिया विधायक व पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने छत्तीसगढ़ में वर्ष 2024 से 2025 के बीच बढ़ते आपराधिक मामलों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने रायगढ़ सहित पूरे प्रदेश में हत्या, लूट, अपहरण, चोरी, डकैती और दुष्कर्म जैसे मामलों की जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि इस अवधि में प्रदेश में हत्या के 1114, लूट के 458, अपहरण के 3644, चोरी के 7960, डकैती के 56 और बलात्कार के 3191 मामले दर्ज हुए हैं।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन हुए शामिल
इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के साथ चंद्रभान बारमते, संजीत बनर्जी, श्याम जायसवाल, दिलीप बंजारा, जैतराम खांडे, नरेश पाटले, कौशल सिंह क्षत्रिय, अभिलास सिंह, संजय चंदेल, राजा सिंह ठाकुर, उर्मिला यादव, मंजू शर्मा, जाहिदा बेगम, नूरजहां, संतोषी मोना नागरे, राजेंद्र यादव, नौसाद खान, रामकुमार साहू, भूपेंद्र साहू, इंद्रजीत कुर्रे, सूरज यादव, अजय साहू, नामदेव बंजारा, दादू मल्हा, मुकेश पांडेय, नंद कुमार साहू, अनीस मसीह, विकास खडेकर, विष्णु खांडे, विष्णु जायसवाल, रूपदास चर्तुवेदी, महेंद्र यादव, राजाराम साहू, सम्मन दीप वर्मा, सूरज, रामजी ध्रुव, रवि कौसले, आरिफ खोखर, अरुण कुलमित्र, बशीर खान, दर्गेश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस संबंध में जानकारी जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी नवनीत शुक्ला ने दी।

